देवघर,27अगस्त।श्रावणी मेला, 2018 के विधिवत समापन के सोमवार को उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह द्वारा समाहरणालय सभागार में श्रावणी मेला से संबंधित अंतिम साप्ताहिक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न मीडियाकर्मी उपस्थित थे।
इस दौरान उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि यह हम सभी के लिए खुशी की बात है कि श्रावणी मेला का सफल संचालन के उपरांत उसका विधिवत समापन हुआ। यह आप सभी के सहयोग से हीं संभव हो सका है। उन्हांेने आगे कहा कि श्रावणी मेला के दौरान 28जुलाई से 26अगस्त तक 30 दिनों में कुल 38,04,435 कांवरियों द्वारा बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण किया गया है, जिनमें 19,95,320 पुरूष, 7,54,629 महिलाएं, 1,31,354 बच्चे एवं बाह्य अरघा के माध्यम से जलार्पण करने वाले 9,23,132 श्रद्धालु शामिल हैं।
वहीं बाबा मंदिर के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 30 दिनांे में बाबा मंदिर की कुल आय 4,71,40,053 रूपये रही, जिसमें मंदिर के अन्य स्त्रोतों से आय भी शामिल है। साथ हीं मंदिर दान काउंटर से सोने का सिक्का 02 ग्राम का 82 अदद, सोने का सिक्का 05 ग्राम का 12 अदद एवं सोने का सिक्का 10 ग्राम का 04 अदद, चाँदी का सिक्का 10 ग्राम का 1772 अदद, चाँदी का सिक्का 05 ग्राम का 745 अदद बिक्री की गई एवं शीघ्रदर्शनम कूपन से प्राप्त आय 4,57,54,000 रूपये है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेला में आए कांवरियों द्वारा बहुतायात संख्या में निःशुल्क टेन्ट सिटी का प्रयोग किया गया है एवं अभी तक इनकी संख्या 4,64,416 है। उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान जिला प्रशासन द्वारा पूरे मेला क्षेत्र पर पैनी नजर रखी गई, जिसके तहत 04 ड्रोन कैमरा, 329 सीसीटीभी कैमरा, 03 हीलियम बैलून, 30 हैण्ड हेल्ड डिटेक्टर मशीन का प्रयोग किया गया। साथ हीं 15 की संख्या में डी.एफ.एम.डी. और एच.एच.एम.डी. का प्रयोग किया गया।
इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में कांवरियों को स्वास्थ्य सुविधाओं कें संदर्भ में बात करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के द्वारा मेला क्षेत्र में कुल 26 अस्थाई स्वास्थ्य केन्द्र लगाये गये थें एवं इन स्वास्थ्य केन्द्रों में दिनांक-28.07.2018 से दिनांक-26.08.2018 तक 30 दिनों में कुल 1,43,760 श्रद्धालुओं का ईलाज किया गया है, जिनमें से 96,848 पुरूष, 38,432 महिलाएँ एवं 8,480 बच्चे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मेला के दौरान 59,469 बच्चों को पल्स पोलियो का टीका दिया गया है। इसके अलावा उनके द्वारा बतलाया गया कि कोटपा 2003 के तहत सार्वजनिक स्थल पर तंबाकू सेवन, धूम्रपान, व्यापार तथा वितरण का विनियमन करने वाले व्यक्तियों से जुर्माना वसूली के रूप में दिनांक-04.08.2018 से 25.08.2018 तक कुल 1,00,200 रूपये की अर्थदण्ड वसूल की गयी है। साथ हीं परिवहन विभाग द्वारा आॅनलाईन चेक पोस्ट (इंट्री टैक्स) के रूप में 6,01,195 रुपये की प्राप्ति हुई है।
उपायुक्त द्वारा बतलाया गया कि मेला क्षेत्र में नगर निगम द्वारा 1125 सफाईकर्मी द्वारा मेला क्षेत्र की साफ-सफाई का कार्य किया गया। साथ हीं मेला क्षेत्र में 1,346 कूडेदान लगाये गये थें। इसके अतिरिक्त सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में कुल 28 सूचना-सह-सहायता केन्द्र लगाये गये थें, ताकि इन सूचना केन्द्रों के माध्यम से बिछुडे हुए कांवरियों को उनके परिजनों से मिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि इन केन्द्रों में श्रावणी मेला के दौरान कुल 60,973 खोये-पाये कांवरियों का निबंधन किया गया, जिनमें से 21,906 कांवरियों को उनके परिजनों से मिलाया गया। इसके अलावा सोशल मीडिया संचालन के तहत् माननीय मुख्यमंत्री के ट्वीटर एवं उपायुक्त, देवघर के ट्वीटर पर प्राप्त कुल 52 शिकायतों को 24 घंटे के अंदर निस्पादित किया गया है। साथ हीं जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवघर द्वारा मेला के दौरान अभी तक कुल 340 प्रेस विज्ञप्ति जारी किये गये हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ष जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया गया कि यहां आगन्तुक कांवरियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसके लिए मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त सभी लोगों द्वारा पूरे तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निवर्हन किया गया है एवं हम सभी का प्रयास है कि अगले वर्ष यहां आगन्तुक श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधा मुहैया करायी जाय। भादो मेला के संबंध में चर्चा करते हुए उन्हांेने कहा कि जिला प्रशासन प्रयासरत है कि श्रावणी मेला के हीं तरह भादो मेला में भी आगन्तुक श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा मुहैया करायी जाय। उन्होंने कहा कि भादो मेला में मुहैया करायी जा रही सुविधाओं में आवश्यकतानुसार वृद्धि की जायेगी।